निलंबित करने पर गंडासा लेकर कंपनी पहुंचा कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी पर किया हमला, बाल-बाल बची जान – TYRE FACTORY SUSPENDED EMPLOYEE

लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर स्थित टायर फैक्ट्री से निलंबित कर्मचारी ने फैक्ट्री गेट पर पहुंचकर जमकर हंगामा करते हुए सुरक्षाकर्मी पर गंडासे से हमला कर दिया. हमले में सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गया. आरोप है कि निलंबित कर्मचारी ने फैक्ट्री अधिकारियों को गंडासे से काट देने की धमकी दी. कंपनी प्रबंधन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी है. आरोपी फैक्ट्री यूनियन का पदाधिकारी बताया जा रहा है.

मामला लक्सर मे गोवर्धनपुर मार्ग स्थित कैवंडिश टायर फैक्ट्री का है. फैक्ट्री के कुछ कर्मचारियों को पिछले दिनों हुई हड़ताल के दौरान अनुशासनहीनता के चलते निलंबित और तीन कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था. इनमें लक्सर के कुंआखेड़ा गांव निवासी सहीपाल भी शामिल है, जो फैक्ट्री यूनियन का एक पदाधिकारी बताया जा रहा है. सहीपाल को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया था. शाम को सहीपाल हाथ में गंडासा लेकर फैक्ट्री गेट पर पहुंच गया और अधिकारियों को गाली गलौज करने लगा. आरोप है कि निलंबित करने को लेकर आक्रोश जताते हुए उसने फैक्ट्री अधिकारियों को गंडासे से काट देने की धमकी दी.

लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी सहीपाल निवासी ग्राम कुंआखेड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया है. शीघ्र गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
राजीव रौथाण, प्रभारी निरीक्षक, लक्सर कोतवाली

इस दौरान फैक्ट्री गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया. लेकिन आरोप है कि सहीपाल ने यहां मौजूद एक सुरक्षाकर्मी पर गंडासे से हमला कर दिया. जिसमें वह बाल-बाल बच गया. कर्मचारियों के शोर मचाने पर आसपास के कर्मचारी मौके पर आ गए. जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला. फैक्ट्री गेट पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है. मामले में फैक्ट्री के एचआर हेड आलोक कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई. जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *