देहरादून: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जौनसार भाबर के प्रमुख तीर्थ स्थल हनोल स्थित ‘महासू देवता मंदिर’ में राजकीय मेला ‘जागड़ा पर्व’ की तैयारियों को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की. साथ ही उन्होंने जागड़ा पर्व को लेकर जरुरी दिशा-निर्देश भी दिये.
इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा हनोल मंदिर राज्य ही नहीं अपितु पूरे देश में प्रसिद्ध है. महासू देवता मंदिर में पूजन दर्शन के लिए उत्तराखंड सहित अन्य प्रदेशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते. उन्होंने कहा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा. परिवहन एवं सड़कों की कनेक्टिविटी के साथ साथ पार्किंग और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त होनी चाहिए. साफ-सफाई का ध्यान रखने के अलावा शौचालयों का उचित प्रबंध होना चाहिए.
सतपाल महाराज ने कहा उन्होंने हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से लिखित अनुरोध कर शिमला-हाटकोटकी-त्यूनी-हनोल तक तथा पांवटा-सिलाई- त्यूनी-हनोल तक हिमाचल सड़क परिवहन निगम की बसों के संचालन करने को कहा है. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया पर्यटन विभाग शीघ्र ही भोपाल से ऋषिकेश देहरादून यमुनोत्री खरसाली और हनोल के लिए गंगा यमुना एक्सप्रेस का संचालन करने जा रहा है. जिसके तहत इन सभी धार्मिक स्थलों के उन्हें दर्शन करवाए जाएंगे.