हरिद्वार: धर्मनगरी में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. हरिद्वार में एक बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई. अचानक हाईवे पर आए कुत्ते को बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग से जा टकराई. हायर सेंटर में युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान 30 वर्षीय शुभम कश्यप के रूप में हुई, जो हरिद्वार के मिस्सरपुर गांव का निवासी है.
पुलिस के अनुसार बीती रात यह हादसा ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के हरि लोक तिराहे के पास हुआ था. 30 साल का शुभम कश्यप जो देर रात हरिलोक तिराहे से अपने घर मिस्सरपुर लौट रहा था. तभी रास्ते में एक कुत्ता अचानक हाईवे पर आ गया. कुत्ते को बचाने के चक्कर में शुभम का बैलेंस बिगड़ गया और तेज रफ्तार बाइक सीधा हाईवे के किनारे लोहे की रेलिंग से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शुभम रेलिंग से टकराने के बाद उल्टा लटक जाता है और बाइक भी आगे जाकर गिर गई.
यह हादसा पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर कुत्ते को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होती और रेलिंग से टकराती हुई नजर आ रही है. वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि हाईवे पर रेलिंग पार करके कुत्ता जाता है, सामने आ रहा शुभम उसे देखकर अपना बैलेंस खो देता है. कुत्ते को बचाने के चक्कर में उसकी बाइक सीधा रेलिंग से टकराती है और फिर वो गंभीर रूप से घायल हो जाता है. वहीं हादसा होते ही कुछ लोग शुभम को उठाकर सड़क पर साइड में लेटा देते हैं.
सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को नजदीक के ही एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया. इस बीच परिजनों को भी सूचना दी गईं. निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने शुभम को हायर सेंटर रेफर कर दिया और जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अचानक जवान बेटे की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
ज्वालापुर कोतवाली में तैनात एसएसआई खेमेंद्र गंगवार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक युवक के शव को परिजनों के सुपुर्द किया गया. घटना के बाद मृतक परिवार में मातम छाया हुआ है. वहीं घटना का वीडियो अब सामने आया है.