देहरादून: 9 नवंबर 2024 को उत्तराखंड राज्य अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है. 9 नवंबर से अगले एक हफ्ते तक प्रदेश भर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित पुलिस लाइन में रैतिक परेड का आयोजन किया गया. इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राज्यपाल सेवानिवृत्त ले.ज. गुरमीत सिंह ने परेड का निरीक्षण किया व सलामी ली. रैतिक परेड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक समेत सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे भी मौजूद रहे.
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हर साल प्रदेश के तमाम प्रतिभाशाली व्यक्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है. इसी क्रम में इस साल प्रदेश के पांच प्रतिभाशाली व्यक्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया गया. राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पांचों प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया.
उत्तराखंड गौरव सम्मान पाने वाले व्यक्ति-
- भारत के चीफ ऑफ डिफेंस अनिल चौहान.
- उत्तराखंड के जाने माने लोक गायक प्रीतम भारतवण.
- समाज सुधारक एवं आध्यात्मिक गुरु मंगला माता.
- हिंदी फिल्म अभिनेता हेमंत पांडे.
- डॉ महेश कुड़ियाल. डॉक्टर कुडियाल पिछले तीन देशों से चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर काम कर रहे हैं.
वहीं, रैतिक परेड के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सबसे पहले अल्मोड़ा बस हादसे में दिवंगत हुए लोगों को नमन किया. सीएम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से पुष्पित और पोषित उत्तराखंड राज्य आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रदेश के तमाम जिलों में मेडिकल कॉलेज के स्थापना करने के साथ एम्स ऋषिकेश का सेटेलाइट की स्थापना की जा रही है. उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में तमाम कई बड़े निर्णय लिए हैं जिसमें यूनिफॉर्म सिविल कोड, दंगा रोधी कानून, नकल विरोधी कानून समेत तमाम फैसले शामिल हैं.