स्कूटी पर बैठे 12 साल के बच्चे को हथिनी ने सूंड से खींचा, पटक-पटककर मार डाला, वन विभाग ने किया अलर्ट

देहरादून: राजधानी देहरादून के थानो रेंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक हाथी ने स्कूटी से जा रहे परिवार पर हमला कर 12 साल के बच्चे की जान ले ली. उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते मामलों के बीच राजधानी से लगे इस जंगल क्षेत्र में हुई यह घटना वन विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है.

देहरादून के थानो रेंज में हाथी के हमले का मामला सामने आया है. यहां हाथी ने एक 12 साल के बच्चे को पटककर उसकी जान ले ली. यह घटना तब हुई जब यह बच्चा अपने माता-पिता के साथ स्कूटी से जा रहा था. इस दौरान हाथी ने इस बच्चे को खींचकर उठा लिया और फिर पटक कर उसकी जान ले ली.

जानकारी के मुताबिक जॉलीग्रांट क्षेत्र के कोठारी मोहल्ला निवासी एक दंपत्ति अपने 12 साल के बेटे के साथ स्कूटी से थानो रेंज के जंगल मार्ग से गुजर रहे थे. शाम के वक्त जैसे ही यह परिवार जंगल के बीच पहुंचा, एक हाथी अचानक स्कूटी के पास आ गया.

प्रत्यक्षदर्शियों व विभागीय अधिकारियों के अनुसार हाथी ने अचानक बच्चे को अपनी सूंड में पकड़कर उठा लिया और जोर से पटक दिया. तेज चोट लगने के कारण बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बच्चे के माता-पिता ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. घटना के बाद आस-पास के लोग और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची.

बताया गया कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से एक हथिनी अपने छोटे बच्चे के साथ घूम रही थी. ऐसे समय में हथिनी अत्यधिक संवेदनशील होती है, और किसी भी प्रकार की हलचल उसे उत्तेजित कर सकती है. हाथी द्वारा बच्चे को पटकने के बाद काफी देर तक उसी जगह पर खड़े रहना भी स्थिति की गंभीरता को बताता है, जिसके चलते घायल बच्चे को हटाना और उसे अस्पताल ले जाना भी बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *