लखनऊ: राजधानी लखनऊ में आयोजित उत्तराखंड महापरिषद के उत्तराखंड महोत्सव में रविवार को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे. सीएम योगी ने देश की सुरक्षा और विकास में उत्तराखंड के योगदान को याद किया. सीएम योगी ने इस अवसर पर ‘उत्तराखंड दर्पण 2025’ स्मारिका का विमोचन किया. सीएम योगी के साथ इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे.
उत्तराखंड महोत्सव में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड की लोक-परंपरा और लोक-संस्कृति को समेकित रूप से एकजुट कर आगे बढ़ाते हैं तो इसका लाभ देश को प्राप्त होगा, यही ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की अभिव्यक्ति है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड में जन्म लेने के बाद भी देश की सुरक्षा और देश के प्रत्येक क्षेत्र में योगदान देने के लिए उत्तराखंड का नागरिक जब कार्य करता है, तो अपनी अटूट देशभक्ति के कारण वह अपने आप को वहां की स्थानीय संस्कृति के साथ समरस करने में देर नहीं लगाता.
सीएम योगी ने पं गोविंद बल्लभ पंत को किया याद: आज का यह महोत्सव भी अवधी संस्कृति और उत्तराखंड की संस्कृति के बेहतर समन्वय का ही स्वरूप है. इस महोत्सव में अवध के श्री राम हैं तो उत्तराखंड के बदरी विशाल भी हैं. उत्तराखंड के चारों धाम भी इसके साथ जुड़कर इस महोत्सव की शोभा को एक नई ऊंचाई तक पहुंचने में अपना योगदान दे रहे हैं. यह हम सबका सौभाग्य है कि आज का उत्तराखंड 9 नवंबर 2000 में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के कारण बना. उत्तर प्रदेश के विकास के लिए भी इस प्रतिबद्धता के साथ स्थापना काल से ही अगर योगदान देने में नाम लिया जाता है तो उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत का नाम लिया जाता है. उन्होंने लंबे समय तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में, एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में अपनी सेवाएं पहले देश की स्वाधीनता के लिए और फिर स्वतंत्र भारत में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में दी हैं.