राष्ट्रपति के स्थापना दिवस पर पहले दौरे पर पुलिस का फुलप्रूफ प्लान तैयार, कार्यक्रम को यादगार बनाने की तैयारी जोरों पर

देहरादून: उत्तराखंड के लिए इस बार राज्य स्थापना दिवस बेहद खास होने जा रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि इस बार खुद महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्थापना दिवस के लिए उत्तराखंड पहुंच रही हैं. ऐसे में पुलिस विभाग ने राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर फूलप्रूफ प्लान तैयार करना शुरू कर दिया है.

उत्तराखंड की स्थापना 9 नवंबर 2000 को हुई थी. इस तरह इस बार 9 नवंबर को राज्य अपना 23वां स्थापना दिवस मना रहा है. प्रदेशवासियों के लिए यह स्थापना दिवस इसलिए भी खास है, क्योंकि पहली बार स्थापना दिवस के मौके पर भारत की राष्ट्रपति शिरकत करने जा रही हैं.

यानि इस बार का राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के लिए बेहद अहम होगा. एक तरफ राज्य सरकार राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने के लिए तैयारी में जुड़ गई है तो दूसरी तरफ इस बार का ये कार्यक्रम पुलिस के लिए भी एक बड़ी चुनौती साबित होने वाला है.

ऐसा इसलिए क्योंकि कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही पुलिस को इस बार महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर भी अलग से सुरक्षा प्लान तैयार करना है. ऐसे में पुलिस विभाग राज्य स्थापना दिवस के लिए फूलप्रूफ प्लान तैयार करने में जुटा हुआ है.

हालांकि अभी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम संभावित है और राज्य में उनके राजधानी देहरादून के साथ ही कुछ दूसरे जिलों में भी जाने की सूचना है. लेकिन अपने उत्तराखंड दौरे के कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति किन-किन जिलों में जाएंगी और उनके कौन-कौन से कार्यक्रम होंगे, इसकी आधिकारिक सूचना अब तक जारी नहीं की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *