राष्ट्रपति का उत्तराखंड दौरा, तैयारियां तेज, स्पीकर ने की हाईलेवल मीटिंग

देहरादून/रुद्रपुर: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर तीन और चार नवंबर को उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आहूत किया जाएगा. उत्तराखंड विधानसभा के इस विशेष सत्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संबोधित कर सकती है. इसी को लेकर बुधवार 29 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक की हुई.

इस बैठक में शासन के सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस-प्रशासन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, चिकित्सा, ऊर्जा, पेयजल, लोक निर्माण, परिवहन और विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों मौजूद रहे. बैठक में आगामी विशेष सत्र के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के विधानसभा आगमन से संबंधित तैयारियों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई.

विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन और सत्र के आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए. सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं.

उन्होंने कहा कि यह सत्र उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि इसमें राज्य निर्माण के 25 वर्षों की विकास यात्रा पर व्यापक चर्चा की जाएगी. इस अवसर पर प्रदेश के विकास की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर सार्थक विमर्श होगा.

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन और संबोधन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया कवरेज, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की सूची पूर्व निर्धारित की जाएगी. इस कार्य के लिए शासन और विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है. विधानसभा परिसर में प्रवेश, आवागमन और बैठक की समस्त गतिविधियों के लिए विशेष पास प्रणाली लागू की जाएगी. सूचना और जनसंपर्क विभाग को मीडिया प्रतिनिधियों की सूची निर्धारित कर 31 अक्टूबर तक विधानसभा सचिवालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रपति के संबोधन के समय विधानसभा परिसर में शांति, सुरक्षा एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाएगा. उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी निर्देश दिया कि मीडिया और प्रशासन के बीच समन्वय बनाए रखें, ताकि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सभी प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन हो सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *