उत्तराखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राज्यसभा सांसद के लिए नामांकन दाखिल कर लिया है. इस मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी व कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के साथ ही बीजेपी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. राज्यसभा की सीट 2 अप्रैल को खाली हो रही है. जिस पर वर्तमान समय में बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी काबिज हैं. खाली हो रही राज्यसभा सीट के लिए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को राज्यसभा प्रत्याशी नामित किया गया है. जिसके बाद गुरुवार यानि आज विधानसभा पहुंचकर महेंद्र भट्ट ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन भर दिया है. वहीं नामांकन के दौरान महेंद्र भट्ट के साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, कैबिनेट मंत्री और विधायक मौजूद रहे.बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उनके लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है. भट्ट ने कहा कि जो उम्मीद राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन पर जताया है, उन उम्मीदों पर वो खरा उतरने की कोशिश करेंगे