काशीपुर: करीब 22 दिन के प्रदेश भ्रमण के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली रविवार को उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर पहुंचे. यहां पहुंचने पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं और बीजेपी नेताओं ने उनका शानदार स्वागत किया. विपुल के स्वागत के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में इतना जोश था कि उनका रोड शो 5 किलोमीटर चला. इस कारण वो करीब 2 घंटे की देरी से जिला कार्यालय पहुंच सके.
काशीपुर पहुंचे भायजुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली: गदरपुर के बाद काशीपुर में पहुंचने पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली का रोड शो के जरिए पांच किलोमीटर तक काफिले के साथ चलते हुए जिला कार्यालय तक भव्य स्वागत किया गया. जिला कार्यालय पहुंचने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका फूलमाला के साथ तथा स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया. उन्हें तलवार भी भेंट की गई
विपुल को 2027 में धामी की हैट्रिक जीत का भरोसा: विपुल मैंदोली ने संबोधन में कहा कि-
जवानी जिस तरफ चलती है, वहां नेतृत्व चलता है. आज का युवा तय करेगा कि 2047 में भारत विकसित राष्ट्र बनेगा. विकसित भारत की परिकल्पना पर उन्होंने कहा कि आश्वासन लेकर जा रहा हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वप्न को साकार करने में युवा मोर्चा कंधे से कंधा मिलाकर साथ देगा. युवाओं के भीतर आज एक अभूतपूर्व ऊर्जा, विश्वास और आग दिखाई दे रही है. 9 तारीख को अध्यक्ष पद की घोषणा के बाद लगातार प्रदेश भ्रमण के दौरान गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में जिस स्तर का जोश मैंने महसूस किया है, वह इस बात की पुष्टि है कि वर्ष 2027 के चुनाव में उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी पहले से भी अधिक बड़े बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शानदार हैट्रिक बनाकर इतिहास रचेंगे.
-विपुल मैंदोली, प्रदेश अध्यक्ष, भाजयुमो-
युवा शक्ति बीजेपी से भावनात्मक रूप से जुड़ रही है: विपुल मैंदोली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस पारदर्शिता, गति और डिलीवरी मैकेनिज्म के साथ योजनाओं को गांव-गांव, शहर-शहर और दरवाजे-दरवाजे तक पहुंचाया है, वही आज युवा शक्ति को भावनात्मक रूप से भी मजबूती से जोड़ रहा है. यही कनेक्शन 2027 के परिणामों में निर्णायक प्रभाव डालेगा.