बदरीनाथ यात्रा शुरू होने में 21 दिन शेष, धाम पहुंचा 50 सदस्यीय दल, तैयारियां चाक चौबंद

चमोली: बदरीनाथ धाम की यात्रा शुरू होने में अब महज 21 दिनों का समय शेष है. ऐसे में नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से धाम में यात्रा की तैयारियों को लेकर व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने का कार्य शुरू कर दिया गया है. नगर पंचायत की ओर से बदरीनाथ में 50 सदस्यीय दल को यात्रा तैयारियों के लिए भेज दिया गया है. दल की ओर से यहां आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरस्त करने का कार्य किया जा रहा है.

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बदरीनाथ धाम की यात्रा के सुचारु और व्यवस्थित संचालन के लिए तैयारियां की जा रही हैं. एनएचआईडीसीएल, बीआरओ और लोनिवि (एनएच) को सभी सड़क मार्गों के सुधारीकरण के निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य विभागों को भी यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं. बदरीनाथ धाम में यात्री सुविधाओं को व्यवस्थित करने के लिए नगर पंचायत बदरीनाथ के 50 सदस्यों के दल को धाम में भेजा गया है. दल की ओर से धाम के पैदल रास्तों की मरम्मत के साथ ही पथ प्रकाश, शौचालय, फास्ट ट्रैक और सफाई व्यवस्था को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही है. नगर पंचायत के साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभागों को यात्रा से पूर्व व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं.

वहीं, दूसरी ओर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को चारधाम यात्रा मार्ग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. इस दौरान यात्रा मार्गो की विस्तृत समीक्षा कर कार्यदायी संस्थाओं को यात्रा से पूर्व सड़क ट्रीटमेंट कार्य, सड़क में ब्लैकटाप के कार्य , प्रोटेक्शन वर्क, और स्लोप स्टेब्लाइजेशन के कार्यों को हर हाल में दुरस्त कर लेने के कड़े निर्देश दिए.

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व सभी सड़कों के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिये. उन्होंने यात्रा मार्ग से सम्बंधित उपजिलाधिकारियों से यात्रा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण के कार्यों की वास्तविक प्रगति रिपोर्ट न भेजनें पर नाराजगी जताई. जिलाधिकारी ने एनएचआईडीसीएल के ईई को कामेडा से हेलंग तक बीआरओ के ईई को हेलंग से बदरीनाथ धाम तक और ईई एनएच रुद्रप्रयाग को चोपता मण्डल मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिक मैनपावर और मशीनरी लगाने के निर्देश दिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *