पिंजरे में रखे शिकार को चट कर गुलदार हुआ चंपत, इस वजह से हाथ मलते रह गया वन महकमा

खटीमा: बीते दिन चंपावत जिले के लोहाघाट तहसील के बाराकोट ब्लॉक के धरगड़ा गांव में घर से शौच को निकले स्थानीय व्यक्ति को गुलदार ने शिकार बनाया था. जिसके बाद गांव में दहशत का माहौल है. वहीं वन विभाग द्वारा आदमखोर गुलदार को ट्रैप करने के लिए जगह-जगह पिंजरे लगाए गए हैं. वन विभाग को गुरुवार को उस वक्त मायूसी हाथ लगी जब पिंजरे के शिकार को तो गुलदार चट कर गया, लेकिन पिंजरे के लॉक ना हो पाने की वजह से शिकार को खाकर गुलदार चंपत हो गया.

चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक धरगड़ा गांव में मंगलवार 9 नवंबर की सुबह घर से शौच करने गए ग्रामीण देव सिंह अधिकारी को आदमखोर गुलदार ने अपना निवाला बना लिया था. घटना के बाद जिला प्रशासन वन विभाग द्वारा इलाके में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तीन पिंजरे लगाए गए. वन विभाग द्वारा गुलदार को ट्रैप में फंसाने के लिए लगाए गए पिंजरे में रखे शिकार को गुलदार घुसकर चट कर गया, जबकि पिंजरे का दरवाजा लॉक ना हो पाने की वजह से पिंजरे से निकल चंपत हो गया.

घटना के बाद गुलदार पकड़ने की सफलता मात्र एक कदम दूर रह जाने से वन विभाग को मायूसी हाथ लगी है. स्थानीय लोगों के अनुसार वन विभाग के द्वारा लगाए गए पिंजरे में घुसकर आदमखोर गुलदार ने रखे शिकार को जहां चट कर दिया, पर पिंजरे का दरवाजा बंद नहीं हो पाया. जिस कारण आदमखोर शिकार को चटकर पिंजरे से वापस बाहर निकल आया और आदमखोर पिंजरे में कैद होने से बाल बाल बच गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *