जसपुर में वन्यजीवों का आतंक, एक साथ तीन-तीन गुलदारों की मौजूदगी से दहशत में ग्रामीण

रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र में इन दिनों गुलदारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. पतरामपुर और मनोरथपुर गांवों में एक साथ तीन-तीन गुलदारों के दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल है. वन विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन खतरा अभी भी बरकरार है.

ऊधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र अंतर्गत पतरामपुर और मनोरथपुर गांवों में इन दिनों गुलदारों की दहशत चरम पर है. स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि ग्रामीण शाम ढलते ही अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं. बीते कुछ दिनों से लगातार इन गांवों में गुलदारों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है.

हाल ही में पतरामपुर गांव में एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक साथ तीन गुलदार कैद हुए. यह दृश्य देखकर गांव के लोग दहशत में आ गए. वहीं, कुछ ही समय बाद मनोरथपुर गांव में भी तीन गुलदार घरों के पास घूमते हुए देखे गए, जिसे वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल और अधिक बढ़ गया है.

जानकारी के अनुसार तराई पश्चिम वन प्रभाग के पतरामपुर रेंज में पिछले काफी समय से गुलदारों की मौजूदगी बनी हुई है. ये गुलदार अक्सर गांवों में घुसकर पालतू जानवरों को अपना शिकार बना रहे हैं. अब तक कई कुत्तों को ये अपना शिकार बना चुके हैं. कुछ दिन पहले निजामगढ़ गांव में तीन गुलदार एक घर में घुस गए और वहां बंधी बकरी को अपना निवाला बना लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *