गुरुवार को केदारनाथ जाएंगे राज्यपाल गुरमीत सिंह, सीमांत गांव मलारी का भी करेंगे दौरा

उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह कल यानी 28 सितंबर को केदारनाथ दौरे पर रहेंगे. राज्यपाल के दौरे को लेकर सभी तैयारियां मुकम्मल की जा रही हैं. इसके लिए डीएम सौरभ गहरवार ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. बताया जा रहा है कि राज्यपाल चमोली के सीमांत गांव मलारी भी जाएंगे.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल गुरमीत सिंह 28 सितंबर यानी गुरुवार को सुबह 7:10 बजे जीटीसी हेलीपैड देहरादून से हेलीकॉप्टर के जरिए केदारनाथ के लिए उड़ान भरेंगे. वो सुबह 7:55 बजे केदारनाथ हेलीपैड पहुंचेंगे. ऐसे में उनके दौरे को लेकर केदारनाथ में 7:55 से 9:20 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है. वहीं, बाबा केदार के दर्शन आदि के बाद राज्यपाल गुरमीत सिंह सुबह 9:30 बजे हेलीकाॅप्टर के जरिए चमोली के आईटीबीपी हेलीपैड मलारी के लिए प्रस्थान करेंगे.

रुद्रप्रयाग डीएम सौरभ गहरवार ने राज्यपाल गुरमीत सिंह के दौरे को लेकर तमाम अधिकारियों को हेलीपैड समेत कार्यक्रम स्थल पर शांति, कानून, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को जुटाने के निर्देश दिए हैं. राज्यपाल गुरमीत सिंह के केदारनाथ धाम में आगमन से विदाई तक के लिए ऊखीमठ एसडीएम जितेंद्र वर्मा को मुख्य कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और पूरे कार्यक्रम के दौरान ऑल ओवर मजिस्ट्रेट बनाया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *