हल्द्वानी: अगले महीने से कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है. कांवड़ यात्रा में भारी संख्या में उत्तराखंड के साथ साथ बाहरी राज्य से कांवड़िये भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए जल लेने आते हैं. कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस अभी से तैयारी पूरी कर ली है.
हल्द्वानी पहुंचे आईजी लॉ एंड ऑर्डर नीलेश आनंद भरणे ने कानून व्यवस्था पर कुमाऊं मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. कुमाऊं मंडल से भारी संख्या में पुलिस कर्मियों को कांवड़ यात्रा में ड्यूटी पर लगाया जाएगा.
आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया इस बार कांवड़ यात्रा में भारी संख्या में कांवड़ियों की आने की उम्मीद है. कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में करीब साढ़े तीन हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी. इसके अलावा उत्तर प्रदेश हरियाणा,राजस्थान के साथ अन्य दूसरे राज्यों के पुलिस अधिकारियों को पत्र भेज कर अवगत कराया गया है की कांवड़ यात्रा के दौरान जो भी लोग उत्तराखंड आ रहे हैं वह यहां पर आकर हुड़दंग ना करें. इसके अलावा दूसरे राज्यों के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक होने जा रही है.
हरियाणा के अलग अलग स्थानों से हजारों लाखों कावड़ियें कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंचते हैं. कांवडियों के साथ साथ लोगों से अपील की गई है कि हरिद्वार कांवड़ लेने आने वाले भक्त उत्तराखंड पुलिस प्रशासन के नियमों का पालन करें. व्यवसायिक वाहनों जैसे ट्रक, ट्रैक्टर, केंटर, मैक्सी कैब, जुगाड़ इत्यादि व उन पर लगे डीजे, लाउड स्पीकर एवं साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध रहेगा. जिसकी अवहेलना करने पर उत्तराखंड पुलिस कार्रवाई करेगी. कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार के अस्त्र, शस्त्र, हॉकी, बेसबाल, बैट, डंडे, लाठी आदि पर भी प्रतिबंधित रहेंगे.