देहरादून: बुधवार को धामी कैबिनेट की बैठक हुई. मंत्रिमंडल विस्तार के बाद ये कैबिनेट की पहली बैठक थी. 5 नए मंत्रियों में से 3 के लिए ये कैबिनेट बैठक एक नया अनुभव था. अपनी पहली कैबिनेट बैठक में ये मंत्री सूट बूट पहने नई ऊर्जा के साथ नजर आए. इन मंत्रियों ने कैबिनेट बेठक में शामिल होने का अनुभव साझा किया.
नए मंत्रियों की पहली कैबिनेट बैठक: उत्तराखंड में भाजपा सरकार के दूसरे टर्म में आज पहली बार फुल फ्लेज 11 मंत्रियों वाली मंत्रिमंडल की बैठक हुई. कैबिनेट विस्तार के बाद यह पहला मौका था जब सारे मंत्री नए पुराने एक साथ बैठे थे. नए मंत्री जो कि पहली बार विधायक से मंत्री बने हैं, उनके चेहरे काफ़ी खिले हुए नजर आए. नए मंत्री नई ऊर्जा के साथ कैबिनेट बैठक में पहुंचे. तमाम नए मंत्री जो पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हुए इनकी ऊर्जा देखने लायक़ थी. पहली बार मंत्री बने लोगों में राम सिंह कैड़ा, भारत चौधरी और प्रदीप बत्रा काफ़ी खुश, जोश में और आत्मविश्वास के साथ नज़र आये. खजान दास और मदन कौशिक के पास मंत्री रहने का पहले भी अनुभव रहा है.
भाजपा के वरिष्ठ विधायक खजान दास लंबे अरसे, लगभग 16 साल बाद कैबिनेट में शामिल हुए हैं. वो पहले 2007 में भाजपा की खंडूरी सरकार में शिक्षा मंत्री थे और अब एक बार फिर धामी सरकार में उन्हें समाज कल्याण और अल्पसंख्यक जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिए हैं. बुधवार को दोबारा कैबिनेट में शामिल होने के बाद वो काफ़ी कॉन्फडेंट नजर आये.
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कैबिनेट बैठक बहुत अच्छी रही. बैठक में हम सभी नए पांच मंत्री शामिल हुए थे. उन्होंने कहा-
कैबिनेट बैठक में सभी विषयों पर अच्छी चर्चा हुई. खास तौर से नए मंत्रियों को काफी अच्छा लगा. पहली बार प्रदेश की दिशा और दशा को बेहतरी की और ले जाने वाली इस कैबिनेट बैठक में शामिल होकर हम खुश हैं. सरकार अब पूरी है फ़ुल फ्लेज है और अब सरकार दौड़ रही है. इसी तरह सरकार दौड़ कर 2027 में पुनः स्थापित होगी.
-खजान दास, समाज कल्याण मंत्री-
भरत चौधरी ने बताया पहली कैबिनेट बैठक का अनुभव: बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए नए नवेले मंत्रियों में शामिल भरत चौधरी ने बताया कि-
इस बैठक में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है. सभी लोग नई ऊर्जा और जोश के साथ बैठक में शामिल हुए थे. बैठक के एजेंडे में 19 महत्वपूर्ण विषय थे जिन पर एक सार्थक चर्चा हुई. सभी के विचारों के बाद अच्छे फैसले उसमें लिए गए.
-भरत चौधरी, कैबिनेट मंत्री-
भरत चौधरी ने बताया कि नए मंत्रियों को मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि जिस उम्मीद पर प्रयोजन के साथ नए लोगों को शामिल किया गया है, वो पूरे होने चाहिए. पब्लिक के सारे काम होने चाहिए और जनता के बीच सभी मंत्रियों को अधिकतम उपस्थित दर्ज करानी है. अपने मंत्रालय ग्राम्य विकास और पलायन को लेके भरत चौधरी ने कहा कि उन्होंने सीनियर विभागीय अधिकारियों की बैठक ली है. इसके बाद सभी 13 जिलों की स्टडी होगी और जो पलायन का एक पैटर्न पूरे राज्य में बन रहा है, उसको कैसे रोके उस पाए प्लानिंग की जाएगी.
पहली कैबिनेट बैठक में शामिल होकर खुश नजर आए प्रदीप बत्रा: एक और नए मंत्री रुड़की से प्रदीप बत्रा हैं. प्रदीप को परिवहन जैसा महत्वपूर्ण विभाग सीएम धामी ने सौंपा है. उन्होंने अपनी पहली कैबिनेट बैठक को लेकर कहा कि-
कैबिनेट बैठक बहुत अच्छी थी और मेरे लिए बेहद खास थी. उत्तराखंड के विकास को लेकर मुख्यमंत्री धामी लगातार काम कर रहे हैं. रोड से लेकर कनेक्टिविटी तक सरकार 4R- रोड, रेलवे, रोपवे, रनवे पर काम कर रही है.
-प्रदीप बत्रा, परिवहन मंत्री-
पहली कैबिनेट बैठक के बाद परिवहन मंत्री बत्रा ने बिना फिटनेस चल रही गाड़ियों को लेकर चारधाम यात्रा से पहले बयान दिया है कि अभी नई गाड़ियां सड़क पर आनी हैं और लगातार फिटनेस के मामले में विभाग से चर्चा चल रही है और इस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी.
राम सिंह कैड़ा की भी थी पहली कैबिनेट बैठक: शहरी विकास, पर्यावरण और जलागम जैसे विभागों की जिमेदारी संभाल रहे भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक के बाद कहा कि-
कैबिनेट बैठक काफी गर्मजोशी के साथ हुई जो कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई थी. बैठक में जो भी विषय आए थे, उन पर प्रदेश के हित में, जनता के हित में महत्वपूर्ण फैसले पास किए गए. निश्चित रूप से प्रदेश और जानता के हित में जो भी फैसले लिए जाने हैं, वो धामी सरकार आगे भी लेती रहेगी.
-राम सिंह कैड़ा, शहरी विकास मंत्री-