आज ब्रिटेन रवाना होंगे सीएम धामी, ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए लंदन में करेंगे रोड शो

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वैश्विक निवेशक सम्मेलन में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए सोमवार को ब्रिटेन के लिए रवाना होंगे। वह मंगलवार को लंदन में रोड शो कर निवेशकों को उत्तराखंड में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। प्रदेश में दिसंबर में वैश्विक निवेशक सम्मेलन प्रस्तावित है।

प्रदेश सरकार इस निवेशक सम्मेलन में देश-विदेश के औद्योगिक समूहों को राज्य में निवेश करने के लिए आमंत्रित कर रही है। इसके लिए देश-विदेश में रोड शो का आयोजन करने के साथ ही प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी। इसकी शुरुआत ब्रिटेन से हो रही है।

लंदन में होगा रोड शो

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में एक दल सोमवार को ब्रिटेन रवाना होगा। इसमें सचिव मुख्यमंत्री आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक उद्योग रोहित मीणा और अपर स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा शामिल हैं। रविवार को देहरादून से नई दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ब्रिटेन में रोड शो का कार्यक्रम रखा गया है। इसमें रोड शो के साथ ही आप्रवासी भारतीय व उत्तराखंड के रहने वाले उद्यमियों से भी मुलाकात की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *